मध्यप्रदेश में बिरला सीमेंट की सगमनिया मांइस में मजदूर का सर धड़ से कट जाने के बाद हड़कंप मचा हुआ है।आक्रोशित परिजनों के साथ सैंकड़ों लोग न्याय कि गुहार लगाते हुए माइंस को घेर लिए हैं। पुलिस मौके पर दलबल के साथ मौजूद है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सतना शहर के पास बिरला सीमेंट की सगमनिया मांइस में यह दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां लाइन स्टोन को फोड़कर गिटटी बनाने वाले प्लांट में सफाई करते समय एक श्रमिक का सिर बेल्ट में फंस जाने से कट कर धड़ से अलग हो गया।
बताया जाता है कि कंपनी के जिम्मेदारों ने मामला को छिपाने कि पूरी कोशिश की, लेकिन जैसे ही दूसरे श्रमिकों को वारदात की जानकारी लगी तो उन्होने परिजनों को तत्काल जानकारी दे दी। घटना के बारे में जानकारी मिलते ही परिजनों में चीखपुकार मच गया।
आक्रोशित परिजन सगमनिया माइंस में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाने करने लगे।देखते ही देखते मृतक के पक्ष से भारी संख्या में लोग इकठ्ठा होकर कंपनी को घेर लिया। वहीं घटना सूचना मिलते शहर के सभी थानों का बल मौके पर दलबल के साथ पहुँच गया।
परिजनों और कंपनी प्रबंधन की मुआवजा को लेकर बात जारी है, कंपनी 18 लाख देने को तैयार है। लेकिन परिजन 25 लाख, एक सदस्य को नौकरी और मृतक की पत्नी को पेंशन की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे है। ये हादसा कोलगवां थाना क्षेत्र के बाबूपुर चौकी अंतर्गत सगमनिया माइंस का है।