मध्यप्रदेश

सीधी बस हादसा : मृतको के घर पहुंचे सीएम शिवराज, बस चालक ग‍िरफ्तार

सीधी जिले में सरदा पटना गांव में 16 फरवरी को भीषण बस दुर्घटना में 50 यात्रियों की मौत हो गई थी।बस चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सीधी पुलिस ने आरोपी के गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीधी जिले के विभिन्न गांवों का दौरा करके सीधी बस हादसा के मृतकों के घर जाकर उनके परिजनों को सांत्वना दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना पीडि़तों को सरकार की ओर से हर संभव सहायता दी जायेगी। दुख की इस घड़ी में हम सब दुर्घटना पीडि़तों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने भ्रमण के दौरान दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के परिजनों को आर्थिक सहायता के रूप में 7-7 लाख रूपये के चेक प्रदान किये।

मुख्यमंत्री भोपाल से विमान से प्रस्थान कर दोपहर 1.15 बजे हवाई पट्टी रीवा पहुंचे। रीवा से हेलीकाप्टर से प्रस्थान कर मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे सीधी जिले के रामपुर नैकिन पहुंचे। मुख्यमंत्री बस दुर्घटना के शिकार अथर्व गुप्ता के घर पहुंचे। उन्होंने मृतक श्री गुप्ता के परिजनों को सांत्वना दी।

सीधी बस हादसा

रामपुर नैकिन में मुख्यमंत्री ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र जाकर दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की कुशलक्षेम जानी। उन्होंने अधिकारियों को दुर्घटना पीडि़तों के समुचित उपचार के निर्देश दिये। स्वास्थ्य केन्द्र में उपचाररत विभा प्रजापति की कुशलक्षेम पूछी तथा दुर्घटना में उनके भाई दीपू प्रजापति की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया।

बच्चों की शिक्षा का पूरा प्रबंध सरकार करेगी।

मुख्यमंत्री ने रामपुर नैकिन में ही दुर्घटना में मृत विमला द्विवेदी के घर जाकर उनके परिजनों से भेट की। इसके बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से चुरहट पहुंचे। मुख्यमंत्री ने चुरहट के रामनगर मोहल्ले में दुर्घटना में मृत श्यामलाल साकेत के परिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने मृतक की पत्नी शांति साकेत, पुत्री कल्पना साकेत, पुत्र आकाश साकेत तथा आशीष साकेत को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा का पूरा प्रबंध सरकार करेगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री ग्राम पचोखर पहुंचे। यहां उन्होंने मृतका खुशबू पटेल के घर जाकर परिजनों को सांत्वना दी। मुख्यमंत्री ने ग्राम पडरिया में मृतक अनिल पटेल तथा ग्राम कुकड़ीझर में मृतक अमरज्योति साकेत के घर जाकर उनके परिजनों को सांत्वना दी।

ताज़ा खबरे पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप चैनल से जुड़े 

Back to top button