पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह की कार ने बाइक सवार को टक्कर मारी, घायल युवक भोपाल रेफर
हादसे के बाद जीरापुर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर लापरवाही से कार चलाने को लेकर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया।
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक बाइक से उछल कर खंबे से बुरी तरह टकरा गया। घायल युवक को प्राथमिक इलाज के लिए जिले के जीरापुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जिसे बाद में भोपाल रेफर कर दिया है। पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की कार को जप्त कर लिया है।
कैसे हुआ हादसा ?
जानकारी के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह गुरुवार को राजगढ़ की ओर लौट रहे थे, तभी बाइक सवार बबलू पिता मांगीलाल बागरी (25) जीरापुर में शिक्षक कॉलोनी के समीप सड़क पार कर रहे थे। दिग्विजय सिंह की कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बबलू बाइक से गिरकर घायल हो गया। जिसे तत्काल जीरापुर अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल बाइक सवार को बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया
दिग्विजय सिंह भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में चिकित्सकों से घायल युवक के हालचाल के बारे में जानकारी ली और बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए कहा। दिग्विजय सिंह ने युवक के सिर में चोट होने के चलते भोपाल रेफर करवाने की मांग की, ताकि उसका सीटी स्कैन करवाते हुए बेहतर उपचार हो सके। युवक को भोपाल रेफर किया गया है.। भोपाल में भर्ती करवाने के लिए दिग्विजय सिंह ने स्वयं निजी अस्पताल में इंतजाम करवाया है।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की कर को पुलिस ने किया जब्त
हादसे के बाद जीरापुर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर लापरवाही से कार चलाने को लेकर ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की कार को जब्त करथाने में खड़ी करवा लिया है।