हिन्दी न्यूज

भूपेन्द्र सिंह ने खुरई में मनाया श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव

सौरभ जैन

  • भूपेन्द्र सिंह ने खुरई में मनाया श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव
  • धर्मशाला के कमरों का किया लोकार्पण

खुरई। मध्यप्रदेश शासन के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री भूपेन्द्र सिंह किला गेट स्थित यादव समाज के श्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर में आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने 11 लाख रूपए की विधायक निधि से निर्मित धर्मशाला के नये कमरों का लोकार्पण तथा शेड निर्माण का भूमिपूजन किया। उन्होंने कारसदेव भगवान का चबूतरा निर्माण कराने की घोषणा की।

जन्माष्टमी महोत्सव में संबोधित करते हुए मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का पूरा जीवन संघर्ष में बीता है। उन्होंने कारागार में जन्म लिया। शैशव काल मंे राक्षस उन्हें मारने के प्रयास करते रहे। अन्याय और अत्याचार रूपी कंस और सभी असुरों का उन्होंने बध किया। सत्य के लिए पांडवों का साथ दिया।

श्रीमद् भागवत गीता में भगवान कृष्ण ने धर्म और कर्म पर चलने का मार्ग दिखाया। आज दुनिया की हर भाषा में गीता का अनुवाद है। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि जीवन में कोई चुनौती आये तो आपको गीता पढ़ने से मार्ग मिलेगा। जीवन में अगर सफलता पाना है तो कर्म के मार्ग पर चलें।

मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में ओबीसी की आबादी 51 प्रतिशत है, लेकिन आरक्षण मात्र 14 प्रतिशत है। प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ओबीसी का आरक्षण 27 प्रतिशत करने के लिए संकल्पित हैं और इसके लिए न्यायालय में पक्ष रखा जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश में पिछड़ा वर्ग आयोग बनाने का काम किया है।

मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिलाया है। अनेक शैक्षणिक कोर्स में आरक्षण बढ़ाया है। अभी संसद में संविधान संशोधन विधेयक पास कराके सभी राज्यों को अधिकार दिये हैं कि अगर कोई जाति पिछड़ा वर्ग के लिए पात्र है तो उसे ओबीसी में शामिल किया जाये।

यही नहीं, श्री मोदी जी की सरकार ने सामान्य वर्ग के गरीबों के लिए भी 10 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया है। यही सामाजिक समरसता और सामाजिक न्याय है। मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने यादव समाज के इस महोत्सव में सभी को शुभकामनाएं दी। महोत्सव में यादव समाज के गणमान्य नागरिक भाजपा के स्थानीय नेता कार्यकार्ता उपस्थित थे।

ताज़ा खबरे पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप चैनल से जुड़े 

Tauheed Raja

उर्जांचल टाईगर (राष्ट्रीय हिन्दी मासिक पत्रिका) के दैनिक न्यूज़ पोर्टल पर समाचार और विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें। व्हाट्स ऐप नंबर -7805875468 मेल आईडी - editor@urjanchaltiger.in More »
Back to top button