मुलायम सिंह को मिला 60 लाख का हीरा !
कहते हैं कि देने वाला जब देता है, तो छप्पर फाड़ कर देता है। ऊपरवाला अगर मेहरबान हो तो इंसान की किस्मत बदलते देर नहीं लगती। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के किसानों और मजदूरों के लिए यह बात अक्सर सच साबित होती रहती है। पन्ना की भूमि ने अभी तक कई किसानों और मजदूरों को रातो रात लखपति बना दिया है।
एक बार फिर पन्ना की धरती ने हीरा उगला है। जहां मुलायम सिंह नाम के मजदूर को हीरा मिला है। जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपए है।
हीरा निरीक्षक अनुपम सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि, आदिवासी समुदाय के मजदूर मुलायम सिंह को 13. 54 कैरेट का हीरा मिला है। जिसकी कीमत लगभग 60 लाख है। मुलायम सिंह को यह हीरा कृष्णा कल्याणपुर के उथली खदानों में मिला है।
इसके अलावा अन्य मजदूरों को भी 6 हीरे मिले हैं। जिनका वजन 6 कैरेट 4 कैरेट व 43,37 और 74 सेंट है। इन सभी हीरो की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ रुपए से ऊपर है। नीलामी में इन हीरो की वास्तविक कीमत का पता चल पाएगा।
हीरा पाने वाले मजदूर मुलायम सिंह का कहना है, कि वह हीरे की नीलामी में मिली राशि अपने बच्चों की शिक्षा पर खर्च करेंगे।