Har Ghar Tiranga Abhiyan : हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने हेतु देवसर न्यायालय परिसर में हुई बैठक।
सिंगरौली में अमृत महोत्सव पर ’हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने हेतु समस्त न्यायिक अधिकारियों के साथ देवसर न्यायालय परिसर में बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति देवसर की अध्यक्षता में उपखंड अधिकारी देवसर, थाना प्रभारी जियावन, अधिवक्ता गण एवं पक्षकार गणों के साथ हर घर तिरंगा अभियान पर चर्चा के साथ बैठक सम्पन्न हुई।
गणेश चतुर्वेदी ।। देवसर अमृत महोत्सव अंतर्गत ’हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने हेतु जिला न्यायाधीश एवं तहसील विधिक सेवा समिति देवसर अध्यक्ष सुधीर सिंह राठौड़ के अध्यक्षता में न्यायालयीन के समस्त न्यायिक अधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। आपको बता दें कि उक्त बैठक न्यायिक अधिकारियों के साथ-साथ उपखंड अधिकारी देवसर, थाना प्रभारी जियावन, अधिवक्ता गण एवं पक्षकार गणों के साथ न्यायालय परिसर में आयोजित की गई। वही कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे न्यायिक अधिकारी आकाश सिंह ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत आप सब अपने-अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज जरूर लगाएं। उन्होंने यह भी कहा कि 13 से 15 अगस्त के बीच सभी अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहरायें और देश स्वाधीनता के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में खुशियां मनाएं।
वहीं तृतीय जिला न्यायाधीश श्यामसुंदर झा ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश के लिए गर्व का प्रतीक है। तिरंगे के सम्मान में पूरे देश में हर घर तिरंगा लगाने का अभियान भी चलाया जा रहा है। दरअसल इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है। अतः आप सब हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर अभियान को सफल बनाने हेतु अपनी भागीदारी अवश्य निभायें।
कार्यक्रम के पश्चात कोर्ट परिसर देवसर में भारत का आन बान और शान राष्ट्रीय ध्वज के साथ तिरंगा रैली भी निकाली गई। तिरंगा रैली के दौरान वंदे मातरम् राष्ट्रीय गीत के साथ भारत माता की जय के नारे भी लगाए गए। वहीं तिरंगा रैली के माध्यम से हर घर तिरंगा अभियान के तहत सभी अपने-अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज लगाएं इसके लिए सभी को प्रेरित किया गया।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने-अपने घरों में लगाएं तिरंगा – शिवप्रसाद साहू
देवसर भाजपा मंडल संयोजक व शोसल मीडिया प्रभारी निवास के शिवप्रसाद साहू ने आजादी के अमृत महोत्सव पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने-अपने घरों में राष्ट्र ध्वज लगायें जाने की समस्त जिलेवासियों एवं प्रदेशवासियों से अपील किया है। उन्होंने कहा कि 13 से 15 अगस्त के बीच सभी अपने घरों पर तिरंगा अवश्य फहरायें। भारत का राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश के लिए गर्व का प्रतीक है, तिरंगे के सम्मान में पूरे देश में हर घर तिरंगा लगाने का अभियान भी शासन द्वारा चलाया जा रहा है। वहीं इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों के दिलों में देशभक्ति की भावना सहित राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और जागरूकता को बढ़ावा देना है। सोशल मीडिया प्रभारी साहू ने प्रदेश वासियों सहित जिले वासियों से अपील किया है कि हर घर तिरंगा अभियान से जुड़कर अभियान को सफल बनायें।