
भोपाल : भोपाल के एक टेंट कारोबारी के घर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब गद्दे में दब कर उनके दो बच्चों की मौत हो गई। घटना बीते शुक्रवार की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार राजधानी भोपाल के रातिबढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बरखेड़ी कलां में एक टेंट कारोबारी विनीत मारन संयुक्त परिवार के साथ रहते हैं।कल यानी शुक्रवार की शाम करीब 4 बजे उनका 5साल का बेटा हर्षित और 5 साल की भतीजी अंशिका आपस में खेल रहे थे। काफ़ी समय तक जब वो दोनों दिखाई नहीं दिये तो लगभग शाम 6 बजे से बच्चों की तलाश शुरू की गई।घर में ढूंढ़ने पर नहीं मिले तो आसपड़ोस में भी पूछताछ की गई लेकिन कुछ पता नहीं चला।इसी दौरान परिवार वाले जब हताश हो कर घर की दूसरी मंज़िल पर गए तो वहाँ गद्दे बिखरे हुए थे।जब उन्होंने एक एक करके गद्दों को हटाया तो दोनों बच्चे उसके नीचे बेसुध हालत में दबे हुए मिले। फिर घर वाले तत्काल उन्हें कोटरा स्थित निजी अस्पताल लेकर गये। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हृदय विदारक घटना के बाद घर वालों का रो रोकर बुरा हाल है।
