जन की बात

उमर अब्दुल्ला ने निधि राजदान से की शादी, साझा की तस्वीरें

जम्मू, 31 अक्टूबर 2026। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है। उन्होंने शनिवार को सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा कर इसकी जानकारी दी। उमर अब्दुल्ला ने पोस्ट में लिखा, “कल से एक नए सफर की शुरुआत हुई।” उन्होंने इस पोस्ट में निधि राजदान को टैग भी किया।

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, विवाह शुक्रवार, 30 अक्टूबर को हुआ था। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, विवाह समारोह में दोनों परिवारों के सदस्य शामिल हुए।

सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें

उमर अब्दुल्ला ने इंस्टाग्राम और एक्स पर तस्वीरें साझा कर अपने विवाह की जानकारी दी। पत्रकार निधि राजदान ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए इस अवसर की पुष्टि की। दोनों की पोस्ट के बाद विवाह की खबर सार्वजनिक हुई।

सुप्रीम कोर्ट ने जुलाई में विवाह समाप्त करने का आदेश दिया था

यह विवाह उमर अब्दुल्ला और उनकी पहली पत्नी पायल अब्दुल्ला के वैवाहिक संबंध समाप्त होने के लगभग तीन महीने बाद हुआ है। सुप्रीम कोर्ट ने 31 जुलाई 2026 को दोनों के बीच विवाह विच्छेद का आदेश दिया था।

अदालत में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से वैवाहिक संबंध समाप्त करने पर सहमति जताई थी। इसके साथ ही उन्होंने अपने बीच लंबित विवादों को सुलझाने और संबंधित मामलों को वापस लेने पर भी सहमति व्यक्त की थी।

अनुच्छेद 142 के तहत मांगी थी राहत

तलाक का मामला सुप्रीम कोर्ट तब पहुंचा था, जब उमर अब्दुल्ला ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उन्हें तलाक देने से इनकार किया गया था। बाद में दोनों पक्षों ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत विवाह विच्छेद की मांग करते हुए संयुक्त आवेदन दाखिल किया।

दोनों पक्षों की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अदालत को बताया था कि उमर और पायल अपने मतभेद सुलझाने तथा विवादों का आपसी सहमति से निपटारा करने के लिए तैयार हैं।

1994 में हुई थी उमर और पायल की शादी

उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला की शादी 1994 में हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं, जिनके नाम जाहिर और जमीर हैं। दोनों लंबे समय से अलग रह रहे थे। उमर अब्दुल्ला ने 2011 में सार्वजनिक रूप से अपने अलगाव की जानकारी दी थी।

Leave a Reply

Logo
🧭 नेविगेशन मेनू (Navigation)
⚡ त्वरित सेवाएं (Quick Actions)
📝 खबर लिखें (Reporter Portal)
🔑 संवाददाता लॉगिन
UTN Hindi