UPI से गलत खाते या UPI ID पर पैसे ट्रांसफर होने के बाद रकम वापस पाना आसान नहीं होता। ऐसे मामलों में ग्राहकों को तुरंत अपने UPI ऐप और संबंधित बैंक में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। हालांकि, गलत व्यक्ति को सफलतापूर्वक भेजे गए पैसे और तकनीकी कारणों से असफल हुए ट्रांजैक्शन के लिए अलग-अलग नियम लागू होते हैं।
गलत UPI ट्रांजैक्शन और असफल पेमेंट में अंतर । Difference between an incorrect UPI transaction and a failed payment
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के 20 सितंबर 2019 के सर्कुलर के अनुसार, यदि किसी UPI ट्रांजैक्शन में ग्राहक के खाते से रकम कट जाती है, लेकिन लाभार्थी के खाते में पैसा जमा नहीं होता, तो लाभार्थी बैंक को अधिकतम T+1 दिन के भीतर रकम वापस करनी होती है। यहां T का मतलब ट्रांजैक्शन की तारीख है।
इस समयसीमा के बाद देरी होने पर ग्राहक को प्रति दिन 100 रुपये मुआवजा देने का प्रावधान है। यह नियम निर्धारित श्रेणी के असफल ट्रांजैक्शन पर लागू होता है, न कि हर सफल गलत UPI ट्रांसफर पर।

क्या गलत UPI ID पर भेजे गए पैसे वापस मिल सकते हैं? Can money sent to an incorrect UPI ID be recovered?
यदि ग्राहक ने खुद गलत UPI ID या गलत व्यक्ति को भुगतान कर दिया और ट्रांजैक्शन सफल हो गया, तो उसे तकनीकी रूप से असफल ट्रांजैक्शन नहीं माना जाता। ऐसे मामलों में ऑटोमैटिक रिफंड की गारंटी नहीं होती।
ग्राहक को तुरंत अपने UPI ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करनी चाहिए और अपने बैंक को भी ट्रांजैक्शन की जानकारी देनी चाहिए। भुगतान का UTR या ट्रांजैक्शन रेफरेंस नंबर, तारीख, रकम और स्क्रीनशॉट सुरक्षित रखना जरूरी है।
बैंक शिकायत का जवाब नहीं देता तो क्या करें ?
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) के UPI शिकायत निवारण सिस्टम के अनुसार, ग्राहक को पहले संबंधित UPI ऐप पर शिकायत दर्ज करनी चाहिए। समाधान नहीं मिलने पर शिकायत को पेमेंट सर्विस प्रोवाइडर, संबंधित बैंक और उसके बाद NPCI तक आगे बढ़ाया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त, RBI के 1 जुलाई 2026 से प्रभावी एकीकृत लोकपाल योजना (Reserve Bank – Integrated Ombudsman Scheme, 2026) के तहत भी ग्राहक शिकायत कर सकते हैं।
RBI के अनुसार, पहले संबंधित बैंक या विनियमित संस्था के पास शिकायत दर्ज कराना जरूरी है। यदि 30 दिनों के भीतर जवाब नहीं मिलता या मिले हुए जवाब से ग्राहक संतुष्ट नहीं है, तो पात्रता और अन्य शर्तों के अधीन RBI के लोकपाल के पास शिकायत की जा सकती है।
UPI शिकायत के लिए जरूरी जानकारी
शिकायत दर्ज करते समय इन जरुरी जानकारी को अपने पास रखें
- UPI ट्रांजैक्शन ID या UTR नंबर
- भुगतान की तारीख और समय
- ट्रांसफर की गई रकम
- गलत प्राप्तकर्ता की UPI ID, यदि उपलब्ध हो
- बैंक खाते से डेबिट का विवरण
- UPI ऐप में दर्ज शिकायत का नंबर
ग्राहक RBI के आधिकारिक Complaint Management System पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
Reffrence Link
- RBI – Failed Transaction Refund Rules
- RBI – Integrated Ombudsman Scheme 2026
- RBI Complaint Management System
- NPCI – UPI FAQs
- NPCI – UPI Complaint Guidelines
