Rewa News : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि प्रदेश के विकास में पटवारियों की भूमिका महत्वपूर्ण है। पटवारियों की मांगों को शासन स्तर से पूरा कराने का प्रयास किया जायेगा। पटवारियों की जिम्मेदारी है कि राजस्व संबंधित प्रकरणों का समय पर निराकरण करें, कोई प्रकरण लंबित न रहे और प्रदेश में राजस्व महाअभियान न चलाना पड़े।
रीवा के कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम में आयोजित मध्यप्रदेश पटवारी संघ के प्रांतीय कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि पटवारी अपने हल्के में किसानों के सभी कार्य टीम भावना के साथ अपनी योग्यता एवं कुशलता के साथ समय पर करें। पटवारी यदि चाह लें तो राजस्व महाअभियान संचालित करने की जरूरत ही नही पड़े।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल का शाल श्रीफल से सम्मान किया गया। पटवारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह बघेल ने पटवारियों की विभिन्न मांगों की ओर उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल का ध्यान आकृष्ट किया। उप मुख्यमंत्री ने उल्लेखनीय कार्य के लिए दिव्या नायक को सम्मानित किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पटवारीगण उपस्थित रहे।